बिलाईगढ़ में 30 गुंडा-बदमाशों की पुलिस ने लगाई परेड, एसडीओपी ने अपराध से दूर रहने की दी सख्त चेतावनी..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने निगरानी अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को बिलाईगढ़ अनुभाग के 30 आदतन गुंडा-बदमाशों और पूर्व में चोरी व संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त रहे लोगों की पुलिस ने परेड कराई। इस दौरान उनकी हाजिरी दर्ज करने के साथ वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली गई और दोबारा अपराध में शामिल नहीं होने की सख्त हिदायत दी गई।

Join WhatsApp Group Click Here

चार थाना क्षेत्रों के बदमाशों को कराया गया उपस्थित

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एसडीओपी बिलाईगढ़ दीपिका मिंज के नेतृत्व में 30 अगस्त को थाना बिलाईगढ़ परिसर में समीक्षा बैठक और परेड आयोजित की गई। इसमें बिलाईगढ़ अनुभाग के बिलाईगढ़, सरसीवा, भटगांव और सालिहा थाना क्षेत्रों के आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों और गुंडा-बदमाशों को उपस्थित कराया गया।

पुलिस के अनुसार, इस दौरान कुल 30 नामी बदमाशों की व्यक्तिगत उपस्थिति दर्ज की गई। पुलिस अधिकारियों ने उनकी वर्तमान दिनचर्या और गतिविधियों के बारे में जानकारी ली तथा उनके संबंध में आवश्यक निगरानी की स्थिति की भी समीक्षा की।

दोबारा अपराध किया तो होगी कड़ी कार्रवाई

पुलिस ने परेड में शामिल लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि वे किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि से दूर रहें। अवैध कारोबार, चोरी, मारपीट या क्षेत्र में शांति भंग करने जैसी गतिविधियों में दोबारा संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य केवल अपराधियों पर निगरानी रखना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपराध की दुनिया से दूर कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है।

संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील

पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा कि आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि, अवैध शराब, जुआ-सट्टा या अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस दौरान एसडीओपी बिलाईगढ़ दीपिका मिंज के साथ थाना प्रभारी सरसीवा निरीक्षक स्वराज त्रिपाठी, थाना प्रभारी बिलाईगढ़ निरीक्षक राजेश चंद्रवंशी और चौकी प्रभारी बेलादुला सहायक उप निरीक्षक संजय नायक सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

Scroll to Top