पत्नी की हत्या के बाद तमिलनाडु में छिपा था आरोपी, चार महीने बाद गांव लौटते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार..

शेयर करें...

रायगढ़// पत्नी की हत्या कर करीब चार महीने से फरार चल रहे आरोपी को कापू पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए तमिलनाडु में छिपकर रह रहा था। गांव लौटने की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे में विवाद के बाद पत्नी की हाथ-मुक्का, डंडे और पत्थर से मारपीट कर हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल डंडा और पत्थर भी बरामद किया है।

Join WhatsApp Group Click Here

जंगल के रास्ते में पत्नी से हुआ विवाद

मामला थाना कापू क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार मृतिका ननकी बाई पहाड़ी कोरवा पति कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा, उम्र 30 वर्ष, निवासी गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा की मौत के संबंध में 4 जून 2026 को मर्ग इंटिमेशन दर्ज किया गया था। मर्ग जांच के दौरान मृतिका के पिता और अन्य गवाहों के बयान लिए गए।

गवाहों के अनुसार 3 जून को आरोपी कार्तिक राम अपनी पत्नी ननकी बाई के साथ मारपीट करते हुए इंचपारा से गुड़ाआमा की ओर ले जा रहा था। गाड़ा घुटरा के जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने पत्नी के साथ हाथ-मुक्का और डंडे से मारपीट की। इसके बाद पत्थर से भी वार किया गया। घटना में महिला के सिर, चेहरे, आंख, पीठ, जांघ और कोहनी में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि

मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने मौत को हत्यात्मक प्रकृति का बताया। इसके बाद आरोपी कार्तिक राम के खिलाफ थाना कापू में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के बाद से आरोपी फरार था और उसके तमिलनाडु में छिपे होने की जानकारी पुलिस को मिल रही थी।

गांव लौटते ही पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत कापू पुलिस आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा लौट आया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा को गिरफ्तार कर लिया।

शराब पीने के बाद हुआ था विवाद

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह पत्नी के साथ चावल खरीदने ग्राम घोघरा बाजार गया था। रास्ते में दोनों ने शराब का सेवन किया था। वापस लौटते समय गाड़ा घुटरा के जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास उसकी पत्नी नशे की हालत में रास्ते में सो गई। घर चलने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की और पत्थर से सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी के मुताबिक घटना के बाद वह गिरफ्तारी के डर से तमिलनाडु भाग गया था। पुलिस से बचने के लिए वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं कर रहा था। आरोपी के पास आधार कार्ड भी नहीं होने की बात पुलिस ने बताई है।

घटनास्थल का कराया गया पुनर्निर्माण

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर गई, जहां घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया गया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल पत्थर और डंडा बरामद कर जब्त किया गया है। आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा, पिता धनयुराम पहाड़ी, उम्र 29 वर्ष, निवासी गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा, थाना कापू, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।

Scroll to Top