शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कॉलेज में दाखिला लेने से छूट गए विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। जिन शासकीय और निजी महाविद्यालयों में अभी सीटें खाली हैं, वहां विद्यार्थी इस बढ़ी हुई समय सीमा के भीतर प्रवेश ले सकेंगे।
इस फैसले से खासकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के उन विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा, जो किसी कारण से निर्धारित समय पर कॉलेज में प्रवेश नहीं ले पाए थे। शासन ने छात्रहित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है, ताकि योग्य विद्यार्थियों का एक साल खराब न हो और वे उच्च शिक्षा से वंचित न रहें।
दरअसल, इससे पहले उच्च शिक्षा विभाग ने प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई और कुलपति की अनुमति से प्रवेश की अंतिम तिथि 14 अगस्त 2026 निर्धारित की थी। समय सीमा खत्म होने के बाद भी कई कॉलेजों में सीटें खाली रह गई थीं।
इसी को देखते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने अब प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने नजदीकी कॉलेज में उपलब्ध सीटों और प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी लेकर निर्धारित समय के भीतर दाखिला पूरा कर लें।


