शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// संत रविदास जयंती के अवसर पर सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने वित्त मंत्री ओपी चौधरी के सारंगढ़ आगमन से पहले ही राजनीतिक माहौल गरमा गया। सारंगढ़ विधानसभा क्षेत्र की सात सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने पहुंचे NSUI, युवा कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने सारंगढ़ कोतवाली का घेराव कर दिया। NSUI जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित कार्यकर्ताओं को पहले सरसीवां थाना ले जाया गया। इसकी जानकारी मिलते ही सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अरुण मालाकार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी थाना पहुंचे और पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मांग की कि क्षेत्र की जनता से जुड़े विकास के मुद्दों को वित्त मंत्री के सामने रखने से उन्हें नहीं रोका जाए। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि ओपी चौधरी प्रदेश के वित्त मंत्री हैं और इस नाते सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के विकास को लेकर भी उनसे उम्मीदें हैं। बाद में हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को सारंगढ़ कोतवाली लाया गया, जहां तहसीलदार के माध्यम से वित्त मंत्री के नाम सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ता किसी निजी स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं और विकास की मांग को लेकर ज्ञापन देने पहुंचे थे।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने लगाए भेदभाव के आरोप
कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अरुण मालाकार ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ओपी चौधरी हमेशा सारंगढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता के साथ भेदभाव करते हैं। मालाकार ने कहा कि ओपी चौधरी मंच से बरमकेला और सारंगढ़ की जनता को यह कहते हैं कि उन्होंने गलत बटन दबाया है, इसलिए यहां विकास नहीं हो पाएगा। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता द्वारा किसी पार्टी को वोट देना क्या विकास रोकने का कारण हो सकता है?
अरुण मालाकार ने आरोप लगाया कि जिले में विकास के नाम पर रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आने वाले सरिया अंचल के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जबकि सारंगढ़ और बरमकेला की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि चूंकि सारंगढ़ विधानसभा की विधायक कांग्रेस से हैं, इसलिए यहां की जनता के साथ भेदभाव किया जा रहा है। मालाकार ने कहा कि ऐसा भेदभाव कांग्रेस और जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने ओपी चौधरी पर पलटवार करते हुए कहा कि यदि रायगढ़ विधानसभा की जनता ने कोई गलत बटन दबाया था तो उसी बटन से ओपी चौधरी चुनाव जीतकर विधायक और मंत्री बने हैं, लेकिन इसका खामियाजा आज पूरे प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
मालाकार ने आगे कहा कि आज ओपी चौधरी सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने सारंगढ़ आए हैं, इसलिए कांग्रेस ने विरोध का अलग रास्ता नहीं अपनाया, लेकिन भविष्य में जब भी सारंगढ़ विरोधी रवैये के साथ ओपी चौधरी सारंगढ़ आएंगे, कांग्रेस उन्हें काला झंडा दिखाकर विरोध करेगी। उन्होंने सारंगढ़ के भाजपा नेताओं को भी नसीहत देते हुए कहा कि यदि वे वास्तव में सारंगढ़ की मिट्टी से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र का हित चाहते हैं तो उन्हें वित्त मंत्री के सामने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के विकास की मांग मजबूती से रखनी चाहिए।
विधायक उत्तरी जांगड़े बोलीं, जनता के विकास की मांग करना अपराध नहीं
सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े ने कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा उठाए जाने की कार्रवाई को बेहद निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि जिले के विकास की मांग करने वाले कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लेना समझ से परे है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर जनता के विकास की मांग करना किस लिहाज से गलत है? विधायक ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने निजी स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं और जरूरतों को लेकर वित्त मंत्री को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे।
उत्तरी जांगड़े ने भी सारंगढ़ विधानसभा के साथ भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ओपी चौधरी सारंगढ़ और बरमकेला क्षेत्र की जरूरी विकास योजनाओं को सरिया अंचल में कर रहे हैं और फिर उसे पूरे सारंगढ़ जिले का विकास बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सारंगढ़ और बरमकेला की जनता के साथ इस तरह का सौतेला व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता सब देख रही है और आने वाले चुनाव में इस भेदभाव का जवाब जनता अपने तरीके से देगी।
पूरे घटनाक्रम के बाद सारंगढ़ में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई। एक ओर कांग्रेस ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की है, वहीं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने को लेकर भी पार्टी ने पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेताओं ने साफ संकेत दिए हैं कि सारंगढ़ क्षेत्र के विकास और कथित भेदभाव के मुद्दे को आगे भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।



You must be logged in to post a comment.