राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में सरिया के खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान, बिलासपुर संभाग को दिलाया तीसरा स्थान..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरिया के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जांजगीर-चांपा में आयोजित राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में सरिया स्कूल के चार विद्यार्थियों ने बिलासपुर संभाग की टीम का प्रतिनिधित्व किया और टीम को तृतीय स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

Join WhatsApp Group Click Here

विकासखंड बरमकेला के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरिया से तुषार सिदार, तुषार सारथी, अमन सिदार और आर्यन बरिहा का चयन राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए हुआ था। व्यायाम शिक्षक किशन चौधरी के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान शानदार खेल का प्रदर्शन किया। बिलासपुर संभाग की ओर से खेलते हुए खिलाड़ियों ने अपने मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के रोमांचक प्रदर्शन से बिलासपुर संभाग की टीम ने राज्य स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से सरिया क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्कूल के शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन समिति ने खिलाड़ियों की मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय के प्राचार्य ई. तिर्की सहित व्याख्याता उदयसिंह मालाकार, ममता कर, जाजल कुमार सिदार, समय लाल काठे, निरंजन चौधरी, केदारनाथ बारिक, बरखा जायसवाल, अर्चना राजभानु, भुवनेश्वर तंवर, एसपी पटेल, आर. राठौर, धनेश्वरी कंवर, प्रधान पाठक रमेश डनसेना, मनमोहन पटेल, अंजली विश्वाल, अनुज चौधरी, सुंदरलाल सिदार, लिंगराज चौधरी, महावीर ध्रुव, पूजा प्रधान, अंशुमन स्वर्णकार और नीलमणि पुजारी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने खिलाड़ियों को बधाई दी।

विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सावित्री धीवर और समिति के सदस्यों ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाकर यह साबित किया है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत के साथ वे किसी भी स्तर की प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ सरिया और बरमकेला क्षेत्र का भी गौरव बढ़ा है।

Scroll to Top