शेयर करें...
बिलासपुर// डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 68 वर्षीय सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिक से 35 लाख रुपए ठगने की कोशिश को पुलिस ने फेल कर दिया। ठग ने खुद को आईपीएस अधिकारी सुनील कुमार गौतम बताते हुए मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसने का डर दिखाया और बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट कर लिया।
इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में जमा रकम को एक खाते में ट्रांसफर करा लिया। ठग वीडियो मीटिंग के जरिए पूरी रकम निकालने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान वरिष्ठ नागरिक के मित्र ने एसएसपी रजनेश सिंह को सूचना दी। एसएसपी के निर्देश पर सरकंडा टीआई प्रदीप आर्य व उनकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को ठगी से बचा लिया।
जांच में कॉल करने वाला मोबाइल नंबर फ्रॉड गतिविधियों से जुड़ा मिला। करीब 35 लाख रुपए खाते में सुरक्षित हैं। मामले की रिपोर्ट एनसीसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने अपील की है कि साइबर जागरूक बन कर सुरक्षित रहे और साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 में काल कर शिकायत दर्ज करवाएं ।


