सरिया क्षेत्र को बड़ी सौगात, साल्हेओना, बार और सांकरा में खुलेंगे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 36 पदों की मिली स्वीकृति..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने विकासखंड बरमकेला के साल्हेओना, बार और सांकरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू करने की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार तीनों स्वास्थ्य केंद्रों के लिए कुल 36 पदों की स्वीकृति भी दी गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

लंबे समय से क्षेत्र के ग्रामीण इन इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा की मांग कर रहे थे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने से अब आसपास के ग्रामीणों को सामान्य इलाज, स्वास्थ्य जांच और प्राथमिक चिकित्सा के लिए दूर के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। खासकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

शासन द्वारा जारी पत्र में तीनों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए चिकित्सा अधिकारी, ग्रामीण चिकित्सा सहायक, फार्मासिस्ट, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, सहायक ग्रेड-3, वार्ड बॉय और आया सहित विभिन्न पदों की स्वीकृति दी गई है। तीनों केंद्रों में कुल 12-12 पद, यानी कुल 36 पद स्वीकृत किए गए हैं। यह स्वीकृति क्षेत्र के लिए लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य सुविधा की मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सरिया भाजपा मंडल मंत्री अजय पटेल समेत जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र की जनता ने इस सौगात के लिए वित्त मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक ओपी चौधरी का आभार जताया है। उनका कहना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर इलाज की सुविधा मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि स्वीकृत स्वास्थ्य केंद्रों का संचालन जल्द शुरू होगा और आवश्यक स्टाफ व सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साल्हेओना, बार और सांकरा में स्वास्थ्य केंद्रों की स्वीकृति को सरिया क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण विकास कार्य बताते हुए स्थानीय लोगों ने शासन के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया है।

Scroll to Top