शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 6 मामलों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 91.120 लीटर अवैध शराब बरामद कर जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 19 अगस्त को विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
बेलादुला चौकी ने 6.120 लीटर शराब पकड़ी
बेलादुला चौकी पुलिस ने ग्राम धोबनी भट्टी रोड तिराहा के पास कार्रवाई करते हुए अमृत लाल साहू को पकड़ा। उसके पास से 24 पाव देशी मदिरा प्लेन और 10 पाव देशी मदिरा समेत कुल 6.120 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2,920 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
सरसींवा में दो महिलाओं पर कार्रवाई
सरसींवा पुलिस ने ग्राम धौराभांठा में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। पुलिस ने सुनीता जाटवर के कब्जे से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब और उषा बाई जाटवर के कब्जे से 8 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। दोनों मामलों में कुल 15 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
भटगांव पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
भटगांव पुलिस ने ग्राम सलोनीकला के सबरिया डेरा और चुरेला में छापेमारी कर दो अलग-अलग मामलों में लक्ष्छी गोड और दीपक मनहर को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से कुल 45 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, भटगांव पुलिस द्वारा अब तक आबकारी एक्ट के 57 मामलों में 562 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है।
कोसीर में 25 लीटर महुआ शराब जब्त
कोसीर पुलिस ने ग्राम मुड़वाभाठा में कार्रवाई करते हुए मुकेश बंजारे को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से अलग-अलग जरिकिन में रखी कुल 25 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 5 हजार रुपये है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस टीमों द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने आम लोगों से भी अवैध शराब की बिक्री या परिवहन की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है।


