शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// महिला पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरिया में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वस्थ और हरित भारत का संदेश देना रहा। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं के साथ मिलकर विभिन्न प्रकार के फलदार एवं उपयोगी पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य पुरुषोत्तम चौधरी, नगर पंचायत सरिया अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, भारत स्वाभिमान एवं महिमा आश्रम योग समिति से योग गुरु त्रिलोक गोयल, सुरेश प्रधान, पूर्व शिक्षिका सी. सोरेग, ग्राम पंचायत नदीगांव के सरपंच गौरीशंकर विश्वाल, सामाजिक कार्यकर्ता पुष्पांजलि बिस्वाल, महिला पतंजलि योग समिति की जिला सोशल मीडिया प्रभारी नीलावती डनसेना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा महिला पतंजलि योग समिति जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की योग शिक्षिका यज्ञसैनी प्रधान, कन्या माध्यमिक शाला सरिया के प्रधान पाठक नरेश प्रधान सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी पौधरोपण में भाग लिया। छात्राओं ने उत्साह के साथ पौधे लगाए और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरण असंतुलन को देखते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना समय की जरूरत है। नगर पंचायत सरिया अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में चल रहे पर्यावरण बचाओ अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विद्यालय परिसर में भी पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए नियमित रूप से पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संदेश दिया।


