शेयर करें...
मुंगेली// जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सड़क हादसे में मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तखतपुर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमरेश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था और उसका इलाज जारी है।
1 अगस्त की रात हुआ था हादसा
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त की देर रात ग्राम बरेला मेन रोड पर बाइक सवार लोग सड़क किनारे रुके हुए थे। इसी दौरान मुंगेली से बिलासपुर की ओर जा रही स्कोडा कार (CG 15 DN 3866) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान एक अन्य घायल ने भी दम तोड़ दिया।
जांच में आरोपी सीएमओ की लापरवाही सामने आई
घटना की सूचना मिलने के बाद जरहागांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, घटनास्थल के निरीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि कार चालक ने तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाते हुए दुर्घटना की। इसके बाद आरोपी अमरेश सिंह (58 वर्ष), निवासी अंबिकापुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दुर्घटना में प्रयुक्त स्कोडा कार जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) और 105 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी CMO अमरेश सिंह मुंगेली में आयोजित कांग्रेस जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद तखतपुर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम बरेला के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ।
पुलिस ने लोगों से की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद मुंगेली पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और लापरवाही से बचें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।


