शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// कलेक्टर कार्यालय परिसर सारंगढ़ में सोमवार को बिहान की स्व- सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित ‘बिहान कैंटीन’ का शुभारंभ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना के साथ उद्घाटन किया। इस दौरान कलेक्टर और अतिथियों ने कैंटीन के गैस चूल्हे को जलाकर और व्यंजन उत्पाद पकाने की शुरुआत बिहान दीदियों के साथ की। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी और गणमान्य नागरिक ज्योति लाल पटेल ने कैंटीन से छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजन ठेठरी, खुर्मी एवं अइरसा का ऑर्डर दिया तथा डिजिटल माध्यम से भुगतान कर महिलाओं को डिजिटल लेन-देन अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) में शामिल जय माँ शारदा स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा यह कैंटीन संचालित की जाएगी। इसका उद्देश्य कलेक्ट्रेट आने जाने वालों को चाय नाश्ता उपलब्ध कराना और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देना तथा उन्हें स्थायी स्वरोजगार उपलब्ध कराना है।
बिहान कैंटीन में स्थानीय एवं पारंपरिक व्यंजनों की विविध श्रृंखला उपलब्ध रहेगी, जिनमें ठेठरी, खुर्मी, अइरसा, फरा, बड़ा, भजिया, मुंगौड़ी, कटलेट, अंकुरित चना, आलू पराठा, पनीर पराठा, चीला, भेल, चाय, कॉफी सहित अन्य स्वादिष्ट छत्तीसगढ़ी व्यंजन शामिल हैं। सभी खाद्य पदार्थ बिहान की महिलाओं द्वारा स्वच्छता एवं गुणवत्ता के साथ तैयार किए जाएंगे। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर वर्षा बंसल, पंचायत के बिहान से संजू पटेल, स्व-सहायता समूह की महिलाएं तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


