शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// बरमकेला विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय महराजपुर में सावन सोमवार के अवसर पर एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। विद्यालय की रसोइया रेवती प्रधान और विलासिनी बैरागी ने अपनी ओर से बच्चों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था कर उन्हें खीर-पूड़ी का स्वाद चखाया। उनके इस स्नेहपूर्ण प्रयास ने बच्चों के साथ-साथ ग्रामीणों का भी दिल जीत लिया।
आमतौर पर स्कूल में बच्चों को मध्याह्न भोजन परोसा जाता है, लेकिन सावन सोमवार के पावन अवसर पर दोनों रसोइयों ने अपनी निजी राशि से विशेष भोजन तैयार कराया। बच्चों को गरमा-गरम पूड़ी, सब्जी और स्वादिष्ट खीर परोसी गई। स्वादिष्ट भोजन पाकर बच्चे काफी खुश नजर आए और उन्होंने उत्साह के साथ भोजन किया। विशेष भोजन मिलने से विद्यालय का माहौल भी उत्साहपूर्ण हो गया। बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी। कई बच्चों ने रसोइयों का धन्यवाद किया और इस पहल की सराहना की।
विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और ग्रामीणों ने दोनों रसोइयों की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि यह सिर्फ भोजन नहीं, बल्कि बच्चों के प्रति अपनापन और स्नेह का प्रतीक है। उनका कहना था कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास बच्चों के मन में प्रेम, सम्मान और आत्मीयता का भाव पैदा करते हैं। रेवती प्रधान और विलासिनी बैरागी की इस पहल ने यह साबित किया कि दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि बड़े दिल की जरूरत होती है। उनका यह प्रयास समाज के लिए भी एक प्रेरणादायक संदेश है कि सेवा और संवेदनशीलता से ही सच्ची खुशियां बांटी जा सकती हैं।


