शेयर करें...
रायपुर// ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से भारत के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान बढ़ा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में ज्ञानेश्वरी का भव्य स्वागत करते हुए उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन के तहत उप पुलिस अधीक्षक (DSP) बनाने और 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
बता दें कि वर्तमान में ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) के पद पर कार्यरत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है और सरकार उनकी मेहनत व समर्पण का सम्मान करते हुए विशेष पदोन्नति दे रही है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व का क्षण था और रजत पदक जीतना उनके वर्षों के संघर्ष और मेहनत का परिणाम है
ज्ञानेश्वरी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा दिया गया यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की है। ज्ञानेश्वरी यादव ने प्रदेश के युवाओं से मेहनत और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि संकल्प मजबूत हो तो सीमित संसाधनों में भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।


