शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// बरमकेला विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय राजपुर में मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक शिक्षक के शराब के नशे में स्कूल आने की शिकायत पर बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए। ग्रामीणों ने बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग के जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच के बाद शिक्षक को तत्काल व्यवस्था के तहत दूसरे विद्यालय भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय राजपुर में पदस्थ वरिष्ठ शिक्षक सरोज कुमार भोय मंगलवार सुबह संदिग्ध अवस्था में स्कूल पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक शराब के नशे में थे और बच्चों को पढ़ाने के बजाय इधर-उधर घूम रहे थे, जिससे पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही थी। मामले की जानकारी मिलते ही सुभाष प्रधान, शिशुपाल प्रधान, भागीरथी प्रधान, सन्यासी सदावर्ती, दीपेश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए शिक्षक पर कार्रवाई की मांग करने लगे। स्थिति को देखते हुए इसकी सूचना बीईओ बरमकेला को दी गई।
बीईओ के निर्देश पर शैक्षिक समन्वयक जयशंकर भोई और संकुल प्राचार्य जांच के लिए विद्यालय पहुंचे। जांच के दौरान शिक्षक द्वारा शराब सेवन किए जाने की पुष्टि हुई। बताया गया कि शिक्षक ने स्वयं भी शराब पीकर स्कूल आने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद ग्रामीणों के भारी विरोध को देखते हुए शिक्षक सरोज कुमार भोय को तत्काल वहां से हटाकर व्यवस्था के तहत राजीव नगर, सरिया भेज दिया गया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
महिला शिक्षिका को लेकर भी जताई नाराजगी
जांच के दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय में पदस्थ महिला शिक्षिका अहिल्या सिदार के कार्यों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि शिक्षिका बच्चों की पढ़ाई पर अपेक्षित ध्यान नहीं देतीं, जिससे विद्यालय में शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने उनके स्थानांतरण की भी मांग की।
कार्रवाई नहीं हुई तो स्कूल बहिष्कार की चेतावनी
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि विद्यालय में लापरवाह शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे। हालांकि वरिष्ठ शिक्षक को तत्काल हटाए जाने के बाद फिलहाल स्थिति सामान्य हो गई। इस मामले पर बरमकेला बीईओ मुकेश कुमार कुर्रे ने कहा कि राजपुर स्कूल में शिक्षक के शराब पीकर विद्यालय आने की शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के लिए अधिकारियों को भेजा गया था। जांच प्रतिवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


