शेयर करें...
विधायक धरमलाल कौशिक बोले– बेटियों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुंगेली//सरगांव। बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के शासकीय हाई स्कूल बासीन एवं मदकु में मुख्यमंत्री निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरण, न्योता भोज, वृक्षारोपण तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, पूर्व नेता प्रतिपक्ष, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक रहे।
कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक ने दोनों विद्यालयों की कुल 54 छात्राओं को मुख्यमंत्री निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना बेटियों को शिक्षा से जोड़ने, विद्यालय तक उनकी नियमित पहुंच सुनिश्चित करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर अध्ययन करने, अपने लक्ष्य तय करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया बिल्हा विधायक
धरमलाल कौशिक ने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक या सामाजिक कारणों से किसी भी बेटी की पढ़ाई बाधित न हो। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है, जो व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देने के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक धरमलाल कौशिक ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव हैं। प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
न्योता भोज कार्यक्रम में विधायक कौशिक विद्यार्थियों के बीच आत्मीयता से शामिल हुए और बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए शिक्षा, अनुशासन, संस्कार, स्वच्छता एवं व्यक्तित्व विकास के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उन्हें बड़े सपने देखने और उन्हें मेहनत के बल पर साकार करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर कैलाश सिंह ठाकुर, पोषण यादव, अंबालिका साहू, परमानंद साहू, रामकुमार कौशिक, भोजराम वर्मा, मनीष साहू, गोवर्धन साहू, ग्राम पंचायत बासीन के सरपंच सोहित साहू, ग्राम पंचायत मदकु की सरपंच विमला, सुनील साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रतिभा मंडलोई, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


