शेयर करें...
रायपुर// राजधानी रायपुर में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुयश अस्पताल के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित एक खाली मैदान में 22 वर्षीय युवक को कथित तौर पर उसके ही दोस्तों द्वारा पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसे मोहम्मद शाकिब ने अस्पताल में सात दिनों तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ने के बाद रविवार को दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए थाने का घेराव कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
शराब पार्टी के बहाने ले जाने का आरोप
मृतक के परिजनों के अनुसार, मोहम्मद शाकिब को उसका स्कूल का दोस्त और रामसागर पारा निवासी 18 वर्षीय सोनू 12 जुलाई की शाम शराब पार्टी का बहाना बनाकर अपने साथ ले गया था। बताया जा रहा है कि सुयश अस्पताल के पीछे स्थित खाली मैदान में किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान शाकिब और उसकी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। आसपास मौजूद कुछ लोगों ने भी दावा किया है कि घटना के समय शाकिब बाइक पर बैठा था और उसी दौरान उसे आग के हवाले कर दिया गया। इस घटना में शाकिब गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसकी बाइक भी पूरी तरह जल गई। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान सात दिन बाद उसकी मौत हो गई।
बहन ने पुरानी रंजिश का लगाया आरोप
मृतक की बहन शहरबान का कहना है कि सोनू और शाकिब के बीच पहले किसी वाहन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों की बातचीत बंद हो गई थी। परिजनों के मुताबिक, सोनू ब्लिंकिट में काम करता था और वह शाकिब पर भी वहां काम करने का दबाव बना रहा था, जिसका परिवार विरोध कर रहा था। शहरबान का आरोप है कि सोनू अपने साथ पेट्रोल लेकर गया था। घटना के बाद आरोपियों ने ही फोन कर परिवार को शाकिब के जलने की सूचना दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि मौके पर मौजूद मुकेश नामक युवक ने फोन पर अपनी गलती स्वीकार की थी।
गिरफ्तारी में देरी का आरोप, थाने में डटे परिजन
शाकिब की मौत के बाद परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया। मृतक के चचेरे भाई मोहम्मद वाजिद अली ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से परिवार लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनका कहना है कि घटनास्थल का भी गंभीरता से निरीक्षण नहीं किया गया और जांच की रफ्तार बेहद धीमी रही। रविवार दोपहर से मृतक के परिजन और रिश्तेदार सरस्वती नगर थाने में डटे रहे तथा निष्पक्ष जांच और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते रहे।
पुलिस बोली – जांच जारी, तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई थी। परिजनों और अन्य लोगों से मिली जानकारी के आधार पर संबंधित युवकों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


