31 जुलाई तक सड़क नहीं तो होगा महाचक्काजाम, 20 साल से बदहाल कुंजारा–केशला–तोलगे मार्ग पर जनता का अंतिम अल्टीमेटम, रवि भगत करेंगे अगुवाई..

शेयर करें...

रायगढ़// लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित कुंजारा–केशला–तोलगे सड़क मार्ग को लेकर अब जनआक्रोश खुलकर सामने आ गया है। वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), लैलूंगा को ज्ञापन सौंपते हुए 31 जुलाई 2026 तक सड़क निर्माण अथवा मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय तक काम शुरू नहीं हुआ तो लैलूंगा–घरघोड़ा मुख्य मार्ग स्थित केशला मोड़ (कुंजारा हाई स्कूल के पास) पर अनिश्चितकालीन चक्काजाम किया जाएगा।

Join WhatsApp Group Click Here

ग्रामीणों का कहना है कि करीब 20 वर्षों से यह सड़क बदहाल हालत में पड़ी है, जबकि इसी मार्ग से प्रतिदिन लगभग 15 ग्राम पंचायतों के हजारों लोग आवागमन करते हैं। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, उखड़ी डामर और कीचड़ के कारण सफर जोखिम भरा हो गया है। बरसात में हालात और भी खराब हो जाते हैं। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि हर बार शासन और प्रशासन केवल स्वीकृतियों का हवाला देकर लोगों को आश्वासन देता रहा, लेकिन धरातल पर सड़क निर्माण शुरू नहीं हो सका। इससे क्षेत्र की जनता में भारी नाराजगी है।

ग्रामीणों ने बताया कि खराब सड़क के कारण सैकड़ों दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं। स्कूली छात्र-छात्राओं, मरीजों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को प्रतिदिन भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष भी यह मांग रखी गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि जनहित और जनसुरक्षा को देखते हुए 31 जुलाई 2026 तक सड़क निर्माण या आवश्यक मरम्मत कार्य प्रारंभ कराया जाए। अन्यथा ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि वे केशला मोड़ पर चक्काजाम कर उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। अब सबकी निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि तय समय सीमा के भीतर सड़क निर्माण शुरू नहीं होता, तो लैलूंगा क्षेत्र में बड़ा जनआंदोलन देखने को मिल सकता है।

Scroll to Top