शेयर करें...
भिलाई// भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र स्थित एक पीजी में युवती की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती की हत्या किसी अजनबी ने नहीं, बल्कि उसके प्रेमी ने ही की थी। युवती द्वारा मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने से नाराज आरोपी ने पहले उससे बातचीत की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर उसने हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली। पुलिस ने आरोपी पिंटू को बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और युवती के बीच करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध था। दोनों के रिश्ते की जानकारी उनके परिजनों को भी थी। कुछ समय पहले दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद युवती ने आरोपी का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद आरोपी ने युवती की रूममेट से नया नंबर लेकर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वहां भी उसे ब्लॉक कर दिया गया। इसी बात से नाराज होकर उसने हत्या की योजना बनाई।
वारदात वाले दिन आरोपी भिलाई पहुंचा और पीजी में युवती से मिलने का प्रयास किया। बातचीत नहीं होने पर उसने पहले युवती का गला दबाया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ 11 वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, हत्या के दौरान कपड़ों पर खून के धब्बे न लगें, इसके लिए आरोपी दो शर्ट पहनकर आया था। घटना के बाद उसने ऊपर की खून से सनी शर्ट उतारकर एक नाले में फेंक दी और फरार हो गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन का विश्लेषण किया। आरोपी का मोबाइल घटना के बाद बंद मिला, लेकिन पुलिस ने उसके रिश्तेदारों और परिचितों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान नाले से बरामद शर्ट और अन्य अहम साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई और उसे बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य साक्ष्यों की बरामदगी की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


