पद्म विभूषण तीजन बाई का निधन, रायपुर ऐम्स में ली अंतिम सांसें, पंडवानी की बुलंद आवाज हमेशा के लिए हुई खामोश..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को विश्व पटल पर पहचान दिलाने वाली पंडवानी की महान गायिका तीजन बाई का रविवार तड़के रायपुर एम्स में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थीं और उनका इलाज चल रहा था। सुबह करीब 3:15 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे प्रदेश सहित देशभर के कला और सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि तीजन बाई ने अपनी अद्भुत कला और प्रस्तुति के दम पर छत्तीसगढ़ की पंडवानी को वैश्विक पहचान दिलाई। उनका जाना भारतीय कला और संस्कृति जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ ने अपनी लोक संस्कृति की सबसे बड़ी गाथाकार को खो दिया है। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।

तीजन बाई ने अपनी दमदार आवाज, अभिनय और अनूठी प्रस्तुति शैली के जरिए पंडवानी को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाई। महाभारत की कथाओं को जीवंत करने की उनकी कला ने लाखों लोगों को मंत्रमुग्ध किया। उन्होंने हजारों मंचों पर प्रस्तुति देकर छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा का परचम विदेशों तक लहराया।

लोककला के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री, पद्मभूषण और देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, फुकोका पुरस्कार समेत कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुए। खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय ने उन्हें डी. लिट की मानद उपाधि भी प्रदान की थी। वर्ष 1980 में सांस्कृतिक राजदूत के रूप में उन्होंने इंग्लैंड, फ्रांस, स्विट्जरलैंड, जर्मनी, तुर्की, माल्टा, साइप्रस, रोमानिया और मॉरीशस की यात्राएं कर पंडवानी को वैश्विक मंच तक पहुंचाया। दुशासन वध के प्रसंग पर उनकी प्रस्तुति आज भी दुनिया भर में सराही जाती है।

8 अगस्त 1956 को दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के अटारी गांव में जन्मी तीजन बाई का बचपन अभावों में बीता। महज नौ साल की उम्र में उन्होंने अपने चचेरे नाना बृजलाल पारधी से पंडवानी की शिक्षा शुरू की। सामाजिक विरोध, पारिवारिक संघर्ष और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को नहीं छोड़ा और 13 वर्ष की आयु में पहला सार्वजनिक मंचन किया।संघर्ष, समर्पण और अद्भुत प्रतिभा के बल पर तीजन बाई ने पंडवानी को विश्व स्तर पर स्थापित किया और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनका जाना लोककला जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

Scroll to Top