भाजपा नेता पर जानलेवा हमले का खुलासा, 60 हजार की लूट मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार, नकदी और हथियार बरामद..

शेयर करें...

कोरबा// कोरबा जिले में भाजपा किसान मोर्चा मंडल मंत्री पर हुए जानलेवा हमले और 60 हजार रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड और वाहन भी बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के मुताबिक, भुलसीडीह निवासी कपिलेश्वर धीरज पोल्ट्री फार्म के व्यवसाय से जुड़े हैं और निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास उनकी दुकान है। बुधवार देर रात दुकान बंद कर वे कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मेडिकल कॉलेज के पास पहले से घात लगाए बैठे अरुण खाण्डे, संदीप खाण्डे अपने साथियों के साथ मिलकर रास्ता रोक लिया। शिकायत के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लोहे की रॉड तथा मुक्कों से हमला कर दिया।

हमले में कपिलेश्वर धीरज गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने उनकी कार में भी तोड़फोड़ की और उसमें रखे 60 हजार रुपये नकद लूटकर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट रजगामार चौकी में दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रजगामार निवासी लक्ष्मी नारायण खाण्डे, संदीप खाण्डे, गंगासागर खाण्डे और अरुण खाण्डे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया वाहन, लोहे की रॉड और लूटी गई 60 हजार रुपये की नकदी बरामद कर जब्त कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Scroll to Top