सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस की अवैध शराब कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई, 7 प्रकरणों में 106 लीटर शराब जब्त..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने शुक्रवार को व्यापक अभियान चलाते हुए अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई छापेमारी में पुलिस ने कुल 7 प्रकरण दर्ज कर 106.68 लीटर अवैध शराब जब्त की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के अनुसार, जिले को नशामुक्त बनाने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडेय के निर्देश तथा राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय अवैध शराब विक्रेताओं के ठिकानों पर दबिश देकर कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब के साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण भी जब्त किए तथा मौके पर भारी मात्रा में महुआ लहान को नष्ट किया। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से भी अवैध शराब कारोबार की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है, ताकि नशामुक्त समाज के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।

Scroll to Top