शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस द्वारा दानसरा स्थित प्रधान हॉस्पिटल में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान डॉक्टरों का सम्मान भी किया गया और पुलिसकर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय और एसडीओपी स्नेहिल साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। चिकित्सकों की टीम ने पुलिसकर्मियों का ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, स्पायरोमीटर टेस्ट, ब्लड टेस्ट सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की। साथ ही संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम और तनाव से बचाव के उपाय भी बताए।
कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी स्नेहिल साहू ने डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को पुष्पगुच्छ भेंट कर राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिस तरह पुलिस समाज की सुरक्षा के लिए दिन-रात कार्य करती है, उसी तरह चिकित्सक समाज को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा, प्रधान हॉस्पिटल के चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ तथा पुलिस विभाग के अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। पुलिस विभाग ने इस पहल को जवानों के स्वास्थ्य और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।


