आत्मानंद स्कूल में सारंगढ़ पुलिस का जागरूकता अभियान, छात्रों को नए कानून, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा की दी जानकारी..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सारंगढ़ पुलिस ने मंगलवार को आत्मानंद स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों और शिक्षकों को देश के नए आपराधिक कानूनों, साइबर सुरक्षा तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी।

Join WhatsApp Group Click Here

कार्यक्रम में कोतवाली प्रभारी प्रमोद यादव ने बताया कि नई आपराधिक न्याय व्यवस्था का उद्देश्य केवल अपराधियों को दंडित करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को त्वरित और प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए ई-एफआईआर, जीरो एफआईआर और समयबद्ध न्याय व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण बदलावों से छात्रों को अवगत कराया।

इस दौरान महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में सख्त कानूनी प्रावधानों तथा पीड़ितों के अधिकारों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक चंचल सोनवानी ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित अभिव्यक्ति ऐप, हेल्पलाइन 1091 और आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी दी। साथ ही सखी सेंटर, महिला परामर्श केंद्र और महिला हिंसा से संबंधित मामलों में मिलने वाली कानूनी एवं सामाजिक सहायता के बारे में भी बताया।

कार्यक्रम में वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी लॉटरी, बैंकिंग धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की।

अंत में पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक चंचल सोनवानी, आरक्षक पुरुषोत्तम राठौर, आत्मानंद स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Scroll to Top