सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पुलिस का बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन, 61 वारंटी गिरफ्तार, देर रात तक चला सघन अभियान..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ व्यापक कॉम्बिंग गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने 50 स्थायी वारंटी और 11 गिरफ्तारी वारंटी, कुल 61 वारंटियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के अनुसार, यह विशेष अभियान 27 जून 2026 की रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चलाया गया। राजपत्रित पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों और पुलिस बल के साथ शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त की। अभियान शुरू होने से पहले अधिकारियों ने पुलिस बल की ब्रीफिंग कर अलग-अलग टीमों को निर्धारित क्षेत्रों के लिए रवाना किया।

सारंगढ़ क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी ने स्वयं कमान संभालते हुए कमलानगर, फुलझरिया पारा, पठार पारा, चौहान पारा, कुशल नगर सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग की। इस दौरान आम नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और सतर्क रहने की अपील भी की गई।

रात्रि 12 बजे से शुरू हुए अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने होटल, ढाबों और एटीएम की जांच की। बिना कारण देर रात घूम रहे लोगों से पूछताछ की गई तथा संदिग्ध वाहनों की भी जांच की गई। साथ ही हिस्ट्रीशीटर और आदतन अपराधियों की निगरानी करते हुए उन्हें किसी भी प्रकार की आपराधिक या असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय कायम करना, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखना और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में इस प्रकार के कॉम्बिंग ऑपरेशन और सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Scroll to Top