इमली की बोरियों के नीचे छिपाकर हो रही थी गांजा तस्करी, डोंगरीपाली पुलिस ने 94 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को दबोचा..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले की डोंगरीपाली पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 94 किलो अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त आयशर ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 24.40 लाख रुपये आंकी गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय के निर्देश और एसडीओपी संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भगवती प्रसाद कुर्रे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने सुहेला-बरमकेला मुख्य मार्ग स्थित ग्राम डोंगरीपाली मोड़ के पास घेराबंदी की। जांच के दौरान उड़ीसा की ओर से आ रहे आयशर ट्रक (UP-30-DT-5256) को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में करीब 12 टन इमली की बोरियां लोड थीं। जब पुलिस ने बोरियों को हटाकर जांच की तो उनके नीचे छिपाकर रखा गया 94 किलो गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने ट्रक चालक जगत मोदक (52 वर्ष), निवासी धनबाद (झारखंड) और खलासी सुनील बर्मा (40 वर्ष), निवासी नर्मदापुरम (मध्य प्रदेश) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 94 किलो गांजा, करीब 15 लाख रुपये कीमत का आयशर ट्रक तथा तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए। आरोपियों के विरुद्ध थाना डोंगरीपाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भगवती प्रसाद कुर्रे, छोटेलाल सिदार, प्रधान आरक्षक गजानंद पटेल तथा आरक्षक ओमप्रकाश सिंह, सुदर्शन राणा, गोपी सिदार, किरण यादव सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। लगातार सामने आ रही इन कार्रवाइयों से यह स्पष्ट है कि जिले के रास्ते गांजा तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस की सख्ती से ऐसे गिरोहों पर लगातार शिकंजा कस रहा है, हालांकि इस अवैध कारोबार की पूरी श्रृंखला तक पहुंचना अभी भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।

Scroll to Top