शेयर करें...
धमतरी// छत्तीसगढ़ में लगातार सामने आ रही हत्या और हिंसक वारदातों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र का है, जहां एक मछली कारोबारी की दिनदहाड़े चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात की बर्बरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हमलावरों ने कारोबारी पर 40 से अधिक बार चाकू से हमला किया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान विपलभ मंडल के रूप में हुई है, जो कि मछली के कारोबार से जुड़ा था। हत्या की ये वारदात नगरी-गरियाबंद मार्ग पर घटित हुई। बताया जा रहा है कि घटना के समय कारोबारी अपने एक साथी के साथ जा रहा था। तभी अज्ञात हमलावरों ने पहले उसके साथी की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया, जिससे वह विरोध नहीं कर सका। इसके बाद आरोपियों ने कारोबारी पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला करने के बाद मौके से फरार हो गए। इस घटना में कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गयी।
उधर इस घटना की जानकारी मिलते ही नगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। धमतरी की यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब प्रदेश के विभिन्न जिलों में हत्या, लूट और हिंसक अपराधों की घटनाएं लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं।
दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या ने आम लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद कानून-व्यवस्था की प्रभावशीलता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड की हर एंगल में जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिलेे साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियोें की पहचान कर उनकी धरपकड़ का प्रयास कर रही है।


