रुपये दोगुना करने का झांसा : PHQ में पदस्थ DSP से 5 लाख की ठगी, वकील समेत 3 के खिलाफ मामला दर्ज..

शेयर करें...

रायपुर// राजधानी रायपुर में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) में पदस्थ एक उप पुलिस अधीक्षक (DSP) से रुपये दोगुना करने का झांसा देकर 5 लाख रुपये की कथित ठगी कर ली गई। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक वकील समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Join WhatsApp Group Click Here

दो साल की पहचान का उठाया फायदा

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता पुनदास अंचल, जो वर्तमान में पुलिस मुख्यालय रायपुर में डीएसपी के पद पर पदस्थ हैं, ने बताया कि उनकी पहचान करीब दो वर्षों से नरेश दामोहे से थी। शिकायत के मुताबिक, नरेश दामोहे स्वयं को वकील होने के साथ-साथ फाइनेंस का कारोबार करने वाला बताता था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने रुपये दोगुना करने का प्रस्ताव दिया।

कई जगह बुलाकर बनाई योजना

डीएसपी के अनुसार, 25 जून को नरेश दामोहे ने उन्हें फोन कर कमल विहार स्थित एक अस्पताल के सामने बुलाया और कहा कि 5 लाख रुपये दोगुना कर बैंक खाते में जमा करा देगा। शिकायतकर्ता तय स्थान पर नकदी लेकर पहुंचे, लेकिन आरोपी ने अपने सहयोगियों के नहीं पहुंचने की बात कहकर उन्हें अभनपुर रोड स्थित दूसरे स्थान पर बुला लिया। वहां भी काम नहीं होने की बात कहकर रात में मिलने के लिए कहा गया।

कार में रखा सूटकेस, वापस लौटे तो गायब थे पैसे

रात करीब 9 बजे आरोपी ने डीएसपी को नेताजी चौक, कटोरा तालाब बुलाया। वहां से आरोपी अपने दो साथियों के साथ डीएसपी की कार में बैठकर इलेवन ग्राउंड पहुंचे। शिकायत के अनुसार, इसी दौरान आरोपी के बुलाने पर कुछ अन्य लोग भी वहां पहुंचे और आपस में विवाद करने लगे। डीएसपी ने कार में बैठे लोगों को बताया कि सूटकेस में 5 लाख रुपये रखे हैं और वे बाहर जाकर विवाद देख रहे हैं। कुछ देर बाद जब वे वापस लौटे तो कार वहीं खड़ी थी। कार में मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य सामान सुरक्षित था, लेकिन सूटकेस में रखे 5 लाख रुपये गायब थे।

वकील समेत तीन आरोपियों पर केस दर्ज

डीएसपी ने आरोप लगाया है कि नरेश दामोहे और उसके साथियों ने मौका पाकर सूटकेस से नकदी निकाल ली। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने वकील नरेश दामोहे समेत तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

Scroll to Top