शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// शासन के नवीनतम आदेश के तहत सारंगढ़ विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय की जिम्मेदारी आर.पी. जांगड़े को सौंपे जाने पर छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। संघ के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और शिक्षा व्यवस्था तथा शिक्षक हितों से जुड़े लंबित मामलों के समाधान की अपेक्षा व्यक्त की। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षाकर्मी से लेकर शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद तक पहुंचने का श्री जांगड़े का सफर शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक है। ऐसे में उनसे शिक्षा और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों के प्रति संवेदनशील एवं सकारात्मक पहल की उम्मीद है।
सेवा पुस्तिका संबंधी कार्यों में जल्द दिखेगी प्रगति
स्वागत कार्यक्रम के दौरान बीईओ आर.पी. जांगड़े ने शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि वे स्वयं शिक्षक समुदाय से जुड़े रहे हैं, इसलिए शिक्षकों की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं।उन्होंने कहा, “आप सभी मुझे अपना साथी समझें। मैं आश्वस्त करता हूं कि जुलाई माह तक सेवा पुस्तिका (सर्विस बुक) से संबंधित लंबित कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दिखाई देगी। इसके अलावा अन्य समस्याओं से भी समय-समय पर कार्यालय को अवगत कराते रहें, ताकि उनका निराकरण किया जा सके।”
शिक्षकों ने जताई सकारात्मक उम्मीद
संयुक्त शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि आर.पी. जांगड़े के नेतृत्व में शिक्षा विभाग से जुड़े कई लंबित मामलों का समाधान होगा और शिक्षकों को बेहतर प्रशासनिक सहयोग मिलेगा। संघ ने विशेष रूप से सेवा पुस्तिका, पदोन्नति, वेतन विसंगति और अन्य विभागीय मामलों के शीघ्र निराकरण की अपेक्षा जताई।
जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के जिलाध्यक्ष चोखलाल पटेल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बीईओ से मुलाकात की।कार्यक्रम में अरविंद यादव, पंचराम साहू, नीलकंठ पटेल, कौशल कुमार पटेल, दीपक कुमार भगत, शिव प्रकाश राठिया, खेलावन निराला, पुरंदर सिंह पटेल, ध्रुव कुमार साहू, जीवन रात्रे, साहेब राम पटेल, विजय यादव, कमल साहू, त्रिलोक देवांगन, ऋषिकेश प्रधान, दिनेश कंवर, नित्यानंद भोय, लक्ष्मण उरांव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। संघ ने उम्मीद जताई कि नए बीईओ के कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल देखने को मिलेगी।



