शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया नगर पंचायत से लगे विनोद भोजनालय के पीछे मंगलवार देर शाम ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने के बाद ट्रांसफार्मर से तेज धमाकों जैसी आवाजें सुनाई दीं, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।
जानकारी के अनुसार, पास के खेत में किसान द्वारा पैरावट में लगाई गई आग फैलते हुए ट्रांसफार्मर तक पहुंच गई, जिसके बाद ट्रांसफार्मर ने आग पकड़ ली। आग लगते ही मौके पर लोग इकट्ठा हो गए और स्थिति को देखते हुए दूर हट गए।
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं और आग पर काबू पाने तथा स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
प्रशासन या विभाग की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


