शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// गोमार्डा अभ्यारण्य वन परिक्षेत्र अंतर्गत चांटीपाली बीट में उस समय राहगीरों को अनोखा दृश्य देखने को मिला जब सड़क मार्ग से सारंगढ़ की ओर जा रहे लोगों को अचानक एक भालू सड़क किनारे दिखाई दिया। जंगल क्षेत्र के पास भालू को इस तरह खुला घूमते देख लोग कुछ देर के लिए रुक गए और पूरा दृश्य कौतूहल का विषय बन गया।
बताया जा रहा है कि भालू अपने स्वभाव के अनुसार सड़क किनारे विचरण कर रहा था। उसे देखकर राहगीरों में उत्सुकता और रोमांच दोनों देखने को मिले। कई लोगों ने इस दुर्लभ पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। भालू को शांत अवस्था में घूमते देख लोग भी काफी उत्साहित नजर आए।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह इलाका गोमार्डा अभ्यारण्य के अंतर्गत आता है, जहां समय-समय पर वन्य जीवों की आवाजाही देखी जाती है। भालू को सुरक्षित दूरी से देखने के बाद राहगीरों ने राहत की सांस ली और आगे की यात्रा जारी रखी।



