शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// उप तहसील राजापुर, तहसील मैनपाट जिला सरगुजा में पदस्थ नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तुषार मानिक के साथ कथित मारपीट, अभद्र व्यवहार और शासकीय कार्य में बाधा के मामले को लेकर अब विरोध तेज होने लगा है। राजस्व पटवारी संघ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। इस संबंध में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री के नाम ज्ञापन कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू को सौंपा गया है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 27 मई 2026 को सोशल मीडिया, वीडियो और छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के पत्रों के माध्यम से यह जानकारी सामने आई कि राजापुर में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार और मारपीट की घटना हुई। आरोप है कि इस घटना में विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों की संलिप्तता रही। संघ ने इसे न केवल एक शासकीय कर्मचारी का अपमान बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती बताया है।
राजस्व पटवारी संघ का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से राजस्व कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका बनी रहेगी। इसी कारण संघ ने छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की मांगों का पूर्ण समर्थन करने की बात कही है।
पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष संतोष कुमार पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो संघ बिना पूर्व सूचना के आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। संघ ने ज्ञापन को ही आंदोलन पूर्व सूचना मानने की बात कही है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शासन और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।



You must be logged in to post a comment.