शेयर करें...
रायगढ़// तमनार थाना क्षेत्र के झिकाबहाल इलाके में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। दो कोयला लोड ट्रेलरों के बीच जोरदार भिड़ंत के बाद भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसमान में धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा।
मिली जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार शाम करीब 7:40 बजे झिकाबहाल क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि दो ट्रेलर आमने-सामने भिड़ा गए, जिसके तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग भड़क उठी। ट्रेलरों में कोयला लोड होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के ग्रामीण भी दहशत में आ गए।
हादसे के दौरान एक चालक ने समय रहते ट्रेलर से कूदकर अपनी जान बचा ली, जबकि दूसरा चालक आग की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए तत्काल राहत कार्य शुरू किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। देर शाम हुई इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।


