लोधिया के सील पेट्रोल पंप पर स्टॉक खत्म बोर्ड लगाने से विवाद, विरोध के बाद हटाया गया बोर्ड…

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// डभरा (लोधिया) स्थित यशदेव किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप एक बार फिर चर्चा में आ गया है। डीजल अनियमितता के मामले में प्रशासन द्वारा पेट्रोल पंप सील किए जाने के बाद अब वहां “स्टॉक खत्म” का बोर्ड लगाए जाने को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया।

Join WhatsApp Group Click Here

जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन ने पेट्रोल पंप को सील करते हुए पहुंच मार्ग पर बाकायदा बैरिकेडिंग लगाई थी, ताकि आम लोगों को स्पष्ट रूप से जानकारी मिल सके कि उक्त पेट्रोल पंप से फिलहाल ईंधन उपलब्ध नहीं होगा। लेकिन इसी बैरिकेडिंग में पंप संचालक द्वारा “स्टॉक खत्म” का बोर्ड लगा दिया गया, जिसे लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने आपत्ति जताई।

स्थानीय सरपंच और जनप्रतिनिधियों का कहना था कि जब पेट्रोल पंप प्रशासनिक कार्रवाई के तहत सील किया गया है, तब “स्टॉक खत्म” का बोर्ड लगाना लोगों को गुमराह करने जैसा है। उनका आरोप था कि इससे आम जनता के बीच गलत संदेश जा रहा था और सील कार्रवाई की वास्तविक स्थिति छिपाने का प्रयास दिखाई दे रहा था।

मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद जिला खाद्य अधिकारी गणेश कुर्रे ने स्पष्ट किया कि सील किए गए पेट्रोल पंप में “स्टॉक खत्म” का बोर्ड लगाया जाना अनुचित है। जानकारी मिलने पर पंप संचालक को तत्काल बोर्ड हटाने के निर्देश दिए गए, जिसके बाद बोर्ड हटा लिया गया। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि सील पेट्रोल पंप पर आखिर “स्टॉक खत्म” का बोर्ड लगाने की जरूरत क्यों पड़ी…?

Scroll to Top