अनियंत्रित इको कार पेड़ से टकराई, चालक की मौके पर ही मौत, सलीहा से बिलाईगढ़ आ रहा था वाहन..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// बिलाईगढ़ क्षेत्र के हुर्राडोंगरी के पास एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। दरअसल गुरुवार को सलीहा क्षेत्र से बिलाईगढ़ की ओर आ रही एक तेज रफ्तार इको गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गाड़ी में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Join WhatsApp Group Click Here

चीख-पुकार सुन दौड़े स्थानीय लोग, मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। घटना की सूचना तत्काल बिलाईगढ़ पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बिलाईगढ़ पुलिस की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची।

घायलों की हालत नाजुक

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे घायलों और मृतक के शव को बाहर निकाला। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दोनों व्यक्तियों को तत्काल संजीवनी एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्राथमिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह वाहन की अत्यधिक रफ्तार और चालक का नियंत्रण खो देना माना जा रहा है। अंदेशा लगाया जा रहा है कि मोड़ पर तेज गति होने के कारण चालक गाड़ी को संभाल नहीं पाया और वाहन सीधे पेड़ से जा टकराया।

बिलाईगढ़ पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। घायलों के होश में आने के बाद घटना के सही कारणों का पूरी तरह पता चल सकेगा।

Scroll to Top