गुरदा किशोर हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा : शराब पार्टी में विवाद के बाद किशोर की हत्या, शव बरगद के नीचे छिपाया..

शेयर करें...

रायगढ़// खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम गुरदा में मिले 16 वर्षीय किशोर के शव मामले का रायगढ़ पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में किशोर की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई थी और बाद में शव को बरगद के पेड़ के नीचे छिपाकर घटना को दुर्घटना जैसा दिखाने की कोशिश की गई। मामले में खरसिया पुलिस ने दो युवकों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Join WhatsApp Group Click Here

घटना 25 मई को सामने आई थी, जब ग्राम गुरदा के डोगरमुड़ा खार स्थित बरगद पेड़ के नीचे एक किशोर का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने जांच शुरू की। मृतक की पहचान थाना छाल क्षेत्र के ग्राम बरभौना निवासी 16 वर्षीय किशोर के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत हत्यात्मक पाए जाने के बाद थाना खरसिया में अपराध दर्ज कर जांच तेज की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने पता लगाया कि घटना वाले दिन मृतक अपने परिचितों के साथ खेत गया था, जहां सभी ने शराब सेवन किया। इसी दौरान चखना के लिए आम तोड़ने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मारपीट हिंसक हो गई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि हाथ-मुक्कों से मारपीट के दौरान किशोर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को बरगद के नीचे रखकर साक्ष्य छिपाने की कोशिश की गई और परिजनों को गुमराह करने के लिए झूठी जानकारी दी गई।

मामले में पुलिस ने चन्द्रशेखर उर्फ चंदा डनसेना (22), रघुसिंह उर्फ रघुनाथ राठिया (30) और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान आरोपियों के कपड़े जब्त किए गए और घटनास्थल का रिकंस्ट्रक्शन भी कराया गया। पूरे मामले की कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस का कहना है कि हत्या और साक्ष्य छिपाने जैसे गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Scroll to Top