शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया तहसील अंतर्गत कटंगपाली के आश्रित गांव मौहापाली में आज सुबह अवैध रूप से संचालित डोलोमाइट खदान में हुई तेज ब्लास्टिंग से गांव दहल उठा। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के कम से कम तीन मकानों में बड़ी दरारें आ गईं, वहीं नल-जल योजना की पानी टंकी भी क्षतिग्रस्त हो गई। अचानक हुए धमाके से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि इस दौरान किसी को छोटे या घायल होने की स्थिति नहीं बनी, मगर इस घटना के बाद खदान के आसपास के लोग मौत के साए में मजबूरन रह रहे हैं।

घटना के बाद पीड़ित ग्रामीण कुमार दास टंडन और रूपसिंह कुर्रे ने सरिया थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एन.एल. राठिया पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने संबंधित खदान संचालक को थाना तलब कर मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि कटंगपाली-मौहापाली गांव के आसपास लंबे समय से बिना अनुमति और नियमों की अनदेखी कर कई डोलोमाइट खदान संचालित हो रही हैं, जहां लगातार ब्लास्टिंग कर पत्थरों का उत्खनन किया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि अवैध खनन और विस्फोटक उपयोग की शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
सुबह हुई इस ब्लास्टिंग के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध खदानों पर तत्काल कार्रवाई, नुकसान का आकलन और दोषियों पर सख्त कदम उठाने की मांग की है। फिलहाल पूरे मामले ने अवैध खनन और बिना अनुमति ब्लास्टिंग की गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है, खदान संचालक और अवैध ब्लास्टिंग करने वालों की सच्चाई जल्दी अपडेट की जाएगी।



You must be logged in to post a comment.