शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत भीखमपुरा में बुधवार 27 मई 2026 को सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया गया, जहां राजस्व विभाग द्वारा ग्रामीणों को मौके पर ही जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। शिविर में पहुंचे लोगों को राजस्व संबंधी सेवाओं का लाभ मिला और कई मामलों का त्वरित निराकरण भी किया गया।
शिविर के दौरान राजस्व विभाग ने 10 किसानों को डिजिटल किसान किताब प्रदान की। वहीं 9 किसानों को फौती एवं सामान्य सुधार के बाद बी-1 और खसरा दस्तावेज वितरित किए गए। इसके अलावा 4 हितग्राहियों को आय एवं निवास प्रमाण पत्र जारी किए गए। इस तरह कुल 23 हितग्राहियों को राजस्व संबंधी आवश्यक दस्तावेज प्रदान कर राहत दी गई।
राजस्व विभाग को शिविर में कुल 38 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 4 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इनमें बी-1 और खसरा में नाम सुधार, खसरा सुधार तथा अभिलेखों में सामान्य सुधार से जुड़े आवेदन शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि शेष आवेदनों का भी नियमानुसार और निर्धारित समय सीमा के भीतर निराकरण किया जाएगा।
शिविर में दस्तावेज प्राप्त करने वाले किसानों और हितग्राहियों ने मौके पर प्रमाण पत्र मिलने पर खुशी जताई। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए काफी मददगार साबित हो रहे हैं, जहां बिना कार्यालयों के चक्कर लगाए जरूरी दस्तावेज आसानी से मिल रहे हैं।


