शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// थाना सरिया द्वारा मिशन पहल और कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान के तहत ग्राम पंचायत मुख्यालय साल्हेओना में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया। गांव की बीच बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद हुआ, जहां बदलते अपराधों और उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
नवपदस्थ थाना प्रभारी नंदलाल राठिया ने ग्रामीणों से कहा कि शिक्षा और जागरूकता से ही परिवार और समाज मजबूत बन सकता है। उन्होंने अभिभावकों से युवाओं पर विशेष निगरानी रखने की अपील करते हुए कहा कि 14 से 30 वर्ष आयु वर्ग के कई युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं, इसलिए अवैध शराब, गांजा और अन्य नशे से दूर रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई काम न करें जो अपराध और जेल की ओर ले जाए। पुलिस गांवों को आदर्श बनाने में हर संभव सहयोग करेगी और लोगों को बिना डर पुलिस से जुड़ना चाहिए।
चौपाल में साइबर फ्रॉड को लेकर भी लोगों को सावधान किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि अनजान लिंक पर क्लिक करना, ओटीपी, आधार या बैंक संबंधी जानकारी साझा करना लोगों को ठगी का शिकार बना रहा है। उन्होंने जरूरी दस्तावेज और व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने की सलाह दी तथा डायल 112 और 102 जैसी सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। वहीं एएसआई मोतीलाल डनसेना ने पॉक्सो एक्ट और महिलाओं से जुड़े अपराधों पर जानकारी देते हुए कहा कि नाबालिगों के खिलाफ अपराध और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार पर कानून बेहद सख्त है और ऐसे मामलों में कार्रवाई तय है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने साल्हेओना मेन रोड और बस स्टैंड के पास लोहे की बेरिकेडिंग लगाने तथा चंद्रपुर–सरिया मार्ग पर तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों से गिरते डस्ट पर रोक लगाने की मांग रखी। थाना प्रभारी ने इस पर कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस अधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने की बात कही, ताकि लोगों को समय पर सहायता मिल सके। चौपाल में शौकीलाल सहिस, युवराज चौधरी, उग्रसेन साहू, एएसआई मोतीलाल डनसेना, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिंह सिदार, आरक्षक दिगम्बर पटेल, सविता यादव सहित गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित रहे।


