बोतल और जरीकेन में पेट्रोल-डीजल बेचने पर प्रशासन सख्त, कलेक्टर ने पेट्रोल पंप संचालक को जारी किया नोटिस..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिला दंडाधिकारी के आदेशों के बावजूद सारंगढ़ शहर के भारत माता चौक के पास स्थित एक पेट्रोल पंप में खुलेआम बोतल, जेरकिन और डिब्बों में पेट्रोल-डीजल बेचे जाने का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित पेट्रोल पंप संचालक को नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

दरअसल, जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी और बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही सुरक्षा कारणों से खुले कंटेनरों में पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाई थी। इसके बावजूद संबंधित पेट्रोल पंप में नियमों की अनदेखी कर लोगों को बोतल और जेरकिन में पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा था। इस संबंध में समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंप में बिना किसी जांच के खुले कंटेनरों में पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा था, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। भीषण गर्मी के बीच ज्वलनशील पदार्थों को इस तरह ले जाना सुरक्षा की दृष्टि से बेहद खतरनाक माना जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग भी की थी।

मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन अब जिले के अन्य पेट्रोल पंपों की गतिविधियों पर भी नजर बनाए हुए है। वहीं क्षेत्र में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल पंपों की जांच और निगरानी और सख्त की जा सकती है।

Scroll to Top