कांग्रेस की प्रेसवार्ता; महंगाई, खाद संकट और डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस का हमला, भाजपा सरकार को बताया विफल..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सारंगढ़ जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल संकट और खाद की कमी को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की जनता पिछले कई महीनों से महंगाई की मार झेल रही है, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय लोगों को सलाह देने में लगी हुई है।

Join WhatsApp Group Click Here

विनोद चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा किसानों से उर्वरकों का कम उपयोग करने की अपील करना किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से देश में खाद की कमी बनी हुई है, लेकिन सरकार पर्याप्त व्यवस्था नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में करीब 15 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की जरूरत है, जबकि अभी तक सोसायटियों तक केवल 51 हजार मीट्रिक टन खाद ही पहुंच पाई है। ऐसे में किसान परेशान हैं और खेती प्रभावित हो रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया गया था, लेकिन आज किसान महंगे खाद, डीजल और खेती की बढ़ती लागत के कारण कर्ज में डूब रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश में डीजल-पेट्रोल और गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। गृहणियों को घर का बजट संभालना मुश्किल हो गया है और हर वर्ग परेशान है।

प्रेस वार्ता में विनोद चंद्राकर ने प्रधानमंत्री के वर्क फ्रॉम होम वाले बयान पर भी तंज कसते हुए कहा कि गली-गली घूमकर सामान बेचने वाले, मजदूरी करने वाले और फेरी लगाने वाले लोग घर बैठकर कैसे काम करेंगे। उन्होंने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने आराम हराम है का संदेश दिया था, जबकि आज लोगों को काम कम करने की सलाह दी जा रही है।

इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि महंगाई और नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस आने वाले दिनों में व्यापक विरोध प्रदर्शन करेगी और आम जनता के बीच जाकर मुद्दों को उठाएगी।

प्रेस वार्ता में विधायक उत्तरी जांगड़े, नगरपालिका अध्यक्ष सोनी बंजारे, संजय दुबे, सूरज तिवारी, पुरुषोत्तम साहू, जिला पंचायत सदस्य बिनोद भारद्वाज, राधेश्याम जायसवाल, अरुण मालाकर, प्राण लहरे, नीतिश बंजारे, सरिता गोपाल, मंजूलता आनंद, राकेश पटेल, रामनाथ सिदार, शुभम बाजपेयी, शंकर जांगड़े, सभी ब्लॉक अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Scroll to Top