ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा, सरिया पुलिस ने 2 तस्करों को दबोचा..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अवैध नशे के कारोबार पर सरिया पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 10 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल समेत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।

Join WhatsApp Group Click Here

जानकारी के अनुसार पुलिस विभाग के निर्देशन में जिलेभर में अवैध कारोबार पर कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 12 मई 2026 को सरिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक काले रंग की हीरो होंडा एचएफ डीलक्स बाइक में दो युवक ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ होते हुए मध्यप्रदेश की ओर जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एन एल राठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। जांच के दौरान बाइक सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास रखे बैग से खाकी टेप में लिपटा करीब 9 किलो 875 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी गणेश ठाकुर पिता आशाराम ठाकुर उम्र 29 वर्ष और अवि घोसी पिता प्रहलाद घोसी उम्र 26 वर्ष, दोनों निवासी तेन्दुखेड़ा जिला दमोह (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा एक मोटरसाइकिल और दो स्मार्ट मोबाइल भी जब्त किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सरिया में अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन एल राठिया, एसआई कमल सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक मोहन गुप्ता, भोजराम नट, सुरेंद्र सिदार, आरक्षक मुकेश कश्यप, दिगम्बर पटेल और थाना सरिया स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Scroll to Top