शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के ग्राम पंचायत रेड़ा में रविवार शाम गुपचुप खाने के बाद अचानक कई ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते उल्टी, पेट दर्द और घबराहट की शिकायत शुरू होने लगी, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। फूड पॉयजनिंग की आशंका के बीच 21 ग्रामीणों को इलाज के लिए जिला अस्पताल सारंगढ़ लाया गया।
जानकारी के अनुसार गांव में गुपचुप खाने के कुछ समय बाद ग्रामीणों की हालत खराब होने लगी। मामला गंभीर होता देख सरपंच और स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी प्रभावित लोगों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू देर रात जिला अस्पताल पहुंचीं और भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को सभी मरीजों का बेहतर इलाज करने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी भी ली।
डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल अधिकांश मरीजों की हालत सामान्य है। एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल में रखकर दवा और जरूरी उपचार दिया जा रहा है। वहीं चार मरीजों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। गुपचुप में इस्तेमाल सामग्री की जांच की तैयारी की जा रही है ताकि फूड पॉयजनिंग की असली वजह सामने आ सके। गांव में इस घटना के बाद लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।


