खेत की मेड़ से शीशम के पेड़ काटकर ले जाने का आरोप, किसान ने तहसीलदार से की शिकायत..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया तहसील क्षेत्र के ग्राम गोबरसिंहा में खेत की मेड़ पर लगे पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। गांव निवासी टेकराम पटेल ने तहसीलदार सरिया को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनके निजी खेत की मेड़ पर लगाए गए बेशकीमती शीशम और अन्य पेड़ों को काट दिया गया, जबकि दो शीशम के पेड़ मौके से गायब हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

आवेदन के मुताबिक टेकराम पटेल ने करीब पांच साल पहले अपने खेत की मेड़ पर शीशम, सेमर समेत कई पेड़ लगाए थे। वर्तमान में वे उसी खेत में खेती-किसानी कर रहे हैं। किसान का कहना है कि उनके खेत से लगे जमीन को पड़ोसी कृषक सुरेंद्र पटेल द्वारा कुछ लोगों को बैंगन की खेती के लिए दिया गया था।

पीड़ित किसान ने बताया कि 26 अप्रैल 2026 की सुबह जब वह अपने खेत पहुंचा तो देखा कि मेड़ पर लगे पेड़ों की कटाई कर डाली गई है। कई पेड़ों की टहनियां काटकर खेत में फेंक दी गई थीं, जबकि दो शीशम के पेड़ पूरी तरह गायब मिले। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत तहसीलदार कोमल प्रसाद साहू से की है।

किसान ने आवेदन के साथ घटनास्थल की तस्वीरें भी जमा कराई हैं और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग निजी जमीन पर लगे पेड़ों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।

Scroll to Top