शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के मामलों को देखते हुए सरिया पुलिस लगातार लोगों को जागरूक करने में जुटी हुई है। इसी कड़ी में “मिशन पहल” अभियान के तहत थाना सरिया द्वारा ग्राम नदीगांव में साइबर जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को मोबाइल, सोशल मीडिया और बैंकिंग से जुड़े साइबर फ्रॉड के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी एन एल राठिया, एएसआई एम एल डनसेना सहित साइबर टीम और थाना स्टाफ मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि अनजान लिंक, फर्जी कॉल, ओटीपी शेयर करना और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करना कितना खतरनाक हो सकता है। साथ ही किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन और पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को डिजिटल सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए। पुलिस टीम ने महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों को विशेष रूप से जागरूक करते हुए बताया कि साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है। ग्रामीणों ने भी साइबर ठगी से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में जवाब दिया।
इस दौरान ग्राम पंचायत नदीगांव के सरपंच गौरीशंकर विश्वाल, उप सरपंच दृष्टि देव प्रधान, नंदकिशोर बिश्वाल, विकाश विश्वाल, मुरली प्रधान, गोवर्धन यादव सहित पंचगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। गांव के लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता शिविर गांवों में लगातार आयोजित होने चाहिए ताकि लोग साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बच सकें।


