बरमकेला बस स्टैंड शौचालय बदहाली पर नगर पंचायत का स्पष्टीकरण, जर्जर भवन के चलते किया गया था बंद, अब लगाया गया नोटिस..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// बरमकेला बस स्टैंड स्थित सामुदायिक शौचालय की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और यात्रियों में नाराजगी बढ़ने के बाद अब नगर पंचायत प्रशासन की ओर से स्पष्टीकरण जारी किया गया है। गंदगी, बदबू और जर्जर हालत को लेकर खबर सामने आने के बाद सीएमओ दीपक विश्वकर्मा ने कहा है कि संबंधित शौचालय काफी पुराना और खतरनाक स्थिति में पहुंच चुका है, जिसे पहले ही बंद कर दिया गया था।

Join WhatsApp Group Click Here

दरअसल, बस स्टैंड का यह सार्वजनिक शौचालय लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। अंदर गंदगी, टूटी सीटें, पानी की कमी और फैली बदबू से यात्री परेशान थे। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बाहर से आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लोगों का कहना था कि नगर पंचायत की लापरवाही के कारण बस स्टैंड जैसी प्रमुख जगह की छवि खराब हो रही है।

सीएमओ बोले – सुरक्षा कारणों से बंद किया गया था शौचालय

नगर पंचायत सीएमओ दीपक विश्वकर्मा ने जारी स्पष्टीकरण में बताया कि बस स्टैंड स्थित सार्वजनिक शौचालय वर्षों पुराना होने के कारण पूरी तरह जर्जर और क्षतिग्रस्त हो चुका है। आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत ने उसे तोड़कर नया सर्वसुविधायुक्त शौचालय बनाने का निर्णय लिया है और इसके लिए शासन को प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है।

सीएमओ के मुताबिक शासन से स्वीकृति मिलने तक पुराने शौचालय को बंद कर दिया गया था, लेकिन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसे दोबारा खोल दिया गया। इसी वजह से लोग उसका उपयोग करने लगे और वहां गंदगी व अव्यवस्था की स्थिति बन गई। उन्होंने बताया कि अब वहां नोटिस बोर्ड भी लगा दिया गया है ताकि लोग जर्जर भवन का उपयोग न करें।

वैकल्पिक व्यवस्था, लोगों को नए निर्माण का इंतजार

नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि पानी टंकी के पास वैकल्पिक सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, जहां आम नागरिक सुविधाओं का उपयोग कर सकते हैं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड जैसे व्यस्त इलाके में जल्द नया शौचालय निर्माण जरूरी है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। फिलहाल लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि नगर पंचायत का नया शौचालय निर्माण का दावा जमीन पर कब उतरता है।

संबंधित समाचार

Scroll to Top