शेयर करें...
रायपुर// राजधानी रायपुर में 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित आईपीएल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में गजब का क्रेज है। आधिकारिक ऑनलाइन टिकट बुकिंग चंद मिनटों में ही फुल होने के बाद अब टिकट दलाल सक्रिय हो गए हैं। ये दलाल बेखौफ होकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग कर रहे हैं। बिना पुलिस के डर के लोगों को मैसेज और कॉल कर महंगे दामों पर टिकट बेचे जा रहे हैं।
हर कोई इस महामुकाबले को देखना चाहता है, इसलिए टिकटों की मांग आसमान छू रही है। वहीं, इसके विपरीत 13 मई को होने वाले दूसरे मैच को लेकर लगभग 50 प्रतिशत लोगों में कोई खास दिलचस्पी नहीं दिख रही है। मीडिया ने जब इस पूरे मामले की पड़ताल की, तो पता चला कि दलालों ने इंस्टाग्राम पर आईडी बनाकर टिकट बेचने का खुला प्रचार शुरू कर दिया है।
दलाल वसूल रहे मनमानी कीमत
टीम ने जब एक टिकट दलाल से संपर्क किया, तो उसने सभी स्टैंड्स के टिकट उपलब्ध होने और शत-प्रतिशत टिकट देने का दावा किया। दलाल की शर्त यह थी कि पहले ऑनलाइन पैसा भेजना होगा, जिसके बाद टिकट सीधे ग्राहक की ईमेल आईडी पर भेज दिया जाएगा। लोगों का भरोसा जीतने के लिए ये दलाल उन्हें अन्य ग्राहकों का चैट और पेमेंट ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट भी दिखा रहे हैं, ताकि लोग आसानी से उनके झांसे में आ जाएं।
कोलकाता मैच को लेकर उत्साह नहीं, हजारों सीटें अब भी खाली
क्रिकेट प्रेमियों के बीच रोहित शर्मा और विराट कोहली का क्रेज हमेशा से सिर चढ़कर बोलता रहा है। इसका उदाहरण पहले भी देखने को मिल चुका है, जब दिसंबर 2025 में हुए वनडे मैच के दौरान टिकटें मिनटों में बिक गई थीं, लेकिन जनवरी 2026 में हुए टी-20 मैच के समय टिकट बिकने में चार दिन का समय लग गया था। बिल्कुल ऐसा ही नजारा अब आईपीएल के मैचों में भी देखने को मिल रहा है। 10 मई को होने वाले पहले मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस की टिकटें जहां रविवार को चंद मिनटों में ही बिक गई, वहीं 13 मई को होने वाले आरसीबी और कोलकाता नाइट राइडर्स के दूसरे मैच को लेकर दर्शकों में कोई खास रुझान नहीं दिख रहा है। हालात यह हैं कि इस दूसरे मैच की 50 प्रतिशत टिकटें अब भी नहीं बिक पाई हैं और स्टेडियम के 8 अलग-अलग स्टैंड्स में हजारों सीटें पूरी तरह खाली पड़ी हैं। आधिकारिक वेबसाइट पर बिना किसी परेशानी के आसानी से मैच की टिकटें उपलब्ध होने के बावजूद फिलहाल इन्हें कोई खरीदने वाला नहीं मिल रहा है।



