ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर बड़ा प्रहार: ऑपरेशन अंकुश में 3 सटोरिये गिरफ्तार, 51 हजार नगद और मोबाइल जब्त..

शेयर करें...

रायगढ़// आईपीएल सीजन के दौरान अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी पर शिकंजा कसते हुए रायगढ़ पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। “ऑपरेशन अंकुश” के तहत साइबर थाना और चौकी खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने खरसिया में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 3 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹51,000 नगद और 3 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

तीन अलग-अलग ठिकानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई

पुलिस को लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर 29 अप्रैल को विशेष टीम गठित कर खरसिया के विभिन्न इलाकों में एक साथ रेड कार्रवाई की गई। इस दौरान डभरा रोड, रानीसती छपरी गंज और नया मंगल बाजार क्षेत्र से तीन सटोरियों को रंगे हाथों पकड़ा गया।

मोबाइल और व्हाट्सएप ग्रुप से चल रहा था सट्टा नेटवर्क

जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल फोन, व्हाट्सएप ग्रुप और वेबसाइट के जरिए आईपीएल मैचों में हार-जीत का दांव लगवा रहे थे। मुख्य आरोपी अंकित अग्रवाल ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का संचालन कर रहा था, जबकि अन्य आरोपी उसके साथ मिलकर अलग-अलग जगहों से सट्टा खिला रहे थे।

पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपियों को

  • डभरा रोड से अजय उर्फ रिंकु अग्रवाल को मोबाइल से सट्टा संचालित करते पकड़ा गया, उसके पास से ₹30,000 नगद बरामद हुए।
  • रानीसती क्षेत्र से मुख्य सटोरिया अंकित अग्रवाल गिरफ्तार हुआ, जिसके पास से ₹21,000 और सट्टा संचालन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले।
  • नया मंगल बाजार क्षेत्र से नरेंद्र राठौर को वेबसाइट के जरिए सट्टा खिलाते पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

सख्त संदेश: सट्टेबाजी करने वालों को नहीं मिलेगी राहत

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि आईपीएल के दौरान ऑनलाइन सट्टे पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति तक पुलिस पहुंचेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Scroll to Top