शेयर करें...
रायगढ़// मानव तस्करी और नाबालिग बालिका को देह व्यापार में धकेलने के सनसनीखेज मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने 17 वर्षीय पीड़िता को सुरक्षित रेस्क्यू कर चार दलालों सहित एक खरीदार को मध्यप्रदेश के छतरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। मामले में अपहरण, दुष्कर्म और मानव तस्करी जैसी गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
ऐसे रचा गया पूरा साजिश का जाल
पीड़िता ने बताया कि पारिवारिक डांट-फटकार से परेशान होकर वह 26 नवंबर 2025 को घर से निकल गई थी। इसी दौरान उसकी परिचित चमेली (परिवर्तित नाम) उसे काम दिलाने का झांसा देकर रायगढ़ ले आई। यहां महादेव मंदिर के पास सक्रिय गिरोह के सदस्य बिंदिया रात्रे, अभय यादव, चीकू खान और पूजा उर्फ बॉबी उर्फ चाची से मिलवाया गया। इसके बाद बालिका को बहला-फुसलाकर मध्यप्रदेश के सागर ले जाया गया, जहां सुनील दीक्षित नामक व्यक्ति को डेढ़ लाख रुपये में बेचकर जबरन शादी करा दी गई।
मौका पाकर भागी पीड़िता, फिर फंसाया धंधे में
सागर में शोषण झेलने के बाद पीड़िता किसी तरह भागकर रायगढ़ लौटी, लेकिन डर के कारण घर नहीं गई। इसी दौरान फिर से बिंदिया के संपर्क में आ गई, जिसने उसे अपने पास रखकर देह व्यापार में धकेल दिया और ग्राहकों से पैसे वसूलती रही। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की और एक-एक कर पूरे गिरोह को पकड़ लिया।
मध्यप्रदेश से खरीदार गिरफ्तार, फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस टीम ने छतरपुर जिले में दबिश देकर मुख्य खरीदार सुनील दीक्षित को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर नगदी और मोबाइल जब्त किए गए हैं। मामले में शामिल अभय यादव अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु डीएसपी एवं थाना प्रभारी कोतरारोड़ अजय नागवंशी के नेतृत्व में की गई। इसमें महिला थाना प्रभारी एसआई कुसुम कैवर्त, एएसआई मनमोहन बैरागी, कांस्टेबल चंद्रेश पाण्डेय, राजेश खांडे, विकास कुजूर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
- सिरिन बानू उर्फ पूजा उर्फ बॉबी उर्फ चाची, पति मोह. वकील, निवासी बीड़पारा रायगढ़
- बिंदिया रात्रे, निवासी इंदिरा नगर भोला गली रायगढ़
- मोह. दानिश उर्फ चीकू, निवासी बीड़पारा रायगढ़
- सुनील दीक्षित, निवासी बिलवार थाना गुजगंज जिला छतरपुर (मध्यप्रदेश)
- विधि से संघर्षरत बालिका


