शेयर करें...
रायगढ़// रायगढ़ जिले में नशे के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 265 लीटर अवैध ताड़ी जब्त की है। यह पहली बार है जब ताड़ी को नशे के रूप में बेचने पर इतनी बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ढाबा के पास हो रही थी अवैध बिक्री
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सुपा स्थित वेलकम ढाबा के पास एक व्यक्ति ताड़ी बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान 11 प्लास्टिक जरीकेनों में भरी कुल 265 लीटर ताड़ी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सैदुलु करिंगुला के रूप में हुई, जो मूल रूप से तेलंगाना का रहने वाला है और फिलहाल ग्राम सुपा में रह रहा था। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1), 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, सहायक उप निरीक्षक प्रेम साय भगत, प्रधान आरक्षक कृष्ण कुमार गुप्ता, बिहारी एक्का तथा आरक्षक धर्नुजय चंद बेहरा एवं दिलीप सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुसौर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
एसएसपी का सख्त संदेश
नशे के रूप में विक्रय की जा रही ताड़ी पर जिले में यह पहली कार्रवाई है। रायगढ़ पुलिस ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत सभी प्रकार के मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई करेगी और इस प्रकार की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


