शेयर करें...
सक्ति// सक्ती जिले में नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 87, 64(1) और पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 30 जनवरी को डभरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि उसकी नाबालिग बेटी 29 जनवरी की दोपहर से लापता है और किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। यह मामला डभरा थाना क्षेत्र का है।
मुखबिरों की मदद से मिला आरोपी
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक टीम गठित की। टीम ने अपहृत बालिका और संदेही की तलाश शुरू की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 9 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि अपहृत बालिका और आरोपी ट्रेन से बिलासपुर की ओर से रायगढ़ आ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर बालिका को बरामद किया। पुलिस ने आरोपी रवि कुमार बरेठ (26), निवासी डभरा थाना क्षेत्र को भी हिरासत में ले लिया।
पीड़िता के बयान पर दुष्कर्म की पुष्टि
पीड़िता के बयान महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष दर्ज किए गए, जिसमें आरोपी द्वारा दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद, 10 अप्रैल को आरोपी रवि कुमार बरेठ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल, महिला प्रधान आरक्षक चंद्रकला सोन और आरक्षक मिरिश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


